
यूपी के कानपुर देहात में सीएनजी की लाइन, फैक्ट्री में लगी आग
यूपी के कानपुर देहात के रनिया में शनिवार और रविवार रात को आग की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। पहली शनिवार रात हुई जबकि दूसरी रविवार रात को। घटना से अफरा-तपरी मची।

हमार दुनिया
यूपी के कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र के विसायकपुर स्थित एक सीएनजी पंप की गैस पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। रविवार की देर शाम करीब 8 बजे टोरेंटो गैस पंप के बाहर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के पास से गुजरी गैस पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया। मौके पर सीएनजी भराने पहुंची गाड़ियों को तुरंत हटाया गया। कर्मी सीजफायर सिलेंडर लेकर आग बुझाने में जुट गए। तकनीकी टीम को सूचना दी गई इसके बाद वाल्व बंद कर आपूर्ति रोकी गई। इधर सूचना पर माती फायर स्टेशन प्रभारी कपिल चाहर दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
रविवार सुबह बुझी आग
यूपी के कानपुर देहात में कानपुर नगर के रतनपुर पनकी निवासी सरताज अली की विलसराया गांव के पास हिंदुस्तान इंटरप्राइजेज के नाम से फैक्ट्री संचालित है। फैक्ट्री में पुराने टायरों को जलाकर उससे तेल, कार्बन, मीथेन गैस व तार निकाला जाता है। तेल को स्टोरेज करने के लिए टैंक बने हैं और मीथेन गैस ( कोल गैस ) को यहां बने 4 बैलून में स्टोरेज किया जाता है। शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे अज्ञात कारणों से मीथेन गैस के बैलून अचानक फटने से आग लग गई। घटना के बाद फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई और मौजूद कर्मचारी और मजदूर जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे। यूपी के कानपुर देहात के माती फायर स्टेशन प्रभारी कपिल चाहर दो दमकल गाड़ियों के साथ घटनास्थल पहुंचे और कर्मी आग बुझाने में जुट गए। कुछ देर बाद भोगनीपुर व फजलगंज से भी एक एक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। रात साढ़े नौ बजे लगी आग रविवार की सुबह साढ़े छह बजे तक सुलगती रही। इस संबंध में सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि अग्निकांड में प्रथम दृष्टया मीथेन गैस के बैलून फटने को वजह बताया गया है, आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।

पिघल गए टिनशेड, टायरों में धमाका
यूपी के कानपुर देहात क्षेत्र में लगी आग इतनी विकराल थी कि वहां पर लगा लोहे का टिनशेड कुछ ही देर में ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और मोटे-मोटे लोहे के गाटर, इंगट व चादरें मोम की तरह पिघल कर जमींदोज हो गई। इसके साथ, बैलून फटने से इलाके में हड़कंप मच गया लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, लेकिन कुछ ही देर में टायरों के धमाके से लोग सहम उठे। बचाव दल को भी धमाकों से काफी कठिनाई आई।
गनीमत रही ऑयल स्टोरेज तक नहीं पहुंची आग
यूपी के कानपुर देहात में आग जिस स्थान पर लगी वहां पुराने टायरों का गोदाम, कार्बन का डंप सैकड़ों टन में था। इससे आग कुछ ही देर में भीषण अग्निकांड में बदल चुकी थी। गनीमत रही कि गोदाम से कुछ दूर तेल के स्टोरेज टैंक व मुख्य प्लांट तक आग नहीं पहुंच पाई नहीं तो घटना में तमाम जान-माल का खतरा बढ़ जाता।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →


