
टी-20 वर्ल्डकप : पाकिस्तान की जुबान पर न, मन में हां!
टी-20 वर्ल्डकप 2026 में पाकिस्तान ने भारत के साथ 15 फरवरी को श्रीलंका में होने वाले मैच को खेलने से इंकार कर दिया लेकिन पाकिस्तान मन ही मन मैच खेलने के लिए तैयार है और संभव है कि एक दो दिन में वह इसका एलान भी कर दे।

हमार दुनिया
टी-20 वर्ल्डकप 2026 भारत और श्रीलंका की मेजबानी में चल रहा है। भारत-बांग्लादेश के विवाद के बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट का बहिष्कार किया था, जिसके बाद पाकिस्तान भी बांग्लादेश के समर्थन उतरा और भारत के खिलाफ 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को खेलने से इंकार कर दिया। इससे यह मामला सिर्फ मैच तक सीमित नहीं रहकर राजनीति और कूटनीति तक पहुंच गया। अब पाकिस्तान उहापोह की स्थिति में है। मीडिया में आई रिपोर्ट्स के अनुसार पीसीबी शर्तों के साथ मैच खेलने को तैयार हुआ, लेकिन आईसीसी ने पाकिस्तान की किसी भी शर्त को मानने से इंकार कर दिया। इस पर पाकिस्तान का मजाक बन रहा है, क्योंकि मैच से इंकार पाकिस्तान क्रिकेट बाेर्ड (पीसीबी) ने नहीं किया था बल्कि पाक के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने किया था। ऐसे में लोग मजाक बना रहे हैं कि पाकिस्तान का मन तो हैं लेकिन बांग्लादेश को खुश करने के लिए पाकिस्तान के आकाओं ने मैच खेलने से इंकार किया था। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि पाकिस्तान एक दो दिन में ही मैच खेलने की घोषणा कर सकता है।
मैच नहीं खेलने से पाकिस्तान को होगा नुकसान
भारत बनाम पाकिस्तान का मैच दुनिया में सबसे ज्यादा देखा जाता है और 15 फरवरी को होने वाला मैच श्रीलंका में होना है ऐसे में श्रीलंका को इससे खासा आर्थिक नुकसान होगा। चूंकि मैच के लिए पाकिस्तान ने मना किया है इसलिए श्रीलंका पाकिस्तान को ही सीधे तौर पर उसे ही नुकसान का दोषी मानेगा। जो रणनीतिक रूप से पाकिस्तान कभी नहीं चाहता। वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की प्लेइंग कंडीशन के मुताबिक, अगर पाकिस्तान कोई मैच खेलने से इनकार करता है तो उसे मुकाबले के अंक गंवाने होंगे जबकि भारत को उस मैच के लिए तय अधिकतम अंक मिले जाएंगे। इससे भारत के मुकाबले पाकिस्तान ऐसे ही पिछड़ जाएगा और कम अंक पर वह टूर्नामेंट से बाहर भी हो सकता है। अगर अंदर भी आ गया और सेमी फाइनल या फाइनल मुकाबला भारत से हो गया तो फिर वह क्या करेगा? जो वह कभी नहीं चाहेगा।
श्रीलंका ने पीसीबी को लिखी चिट्ठी
श्रीलंका ने पाकिस्तान के बोर्ड को एक चिट्ठी लिखी है और भारत के साथ न खेलने के फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा है। इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष की सलाह पर भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप मुकाबले का बहिष्कार वापस लेने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अनुरोध करने की बात कही है। यानि मन ही मन पीसीबी प्रमुख खेलने के लिए तैयार बैठे हैं।
नकवी ने द्विपक्षीय मैच की रखी मांग
बताया जाता है कि नकवी ने भारत-पाक द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली और बांग्लादेश समेत एक त्रिकोणीय शृंखला की मांग रखी है ताकि भारत में टी-20 विश्व कप नहीं खेल रहे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को होने वाले नुकसान की भरपाई हो सके। भारत-पाक द्विपक्षीय क्रिकेट आईसीसी के दायरे में नहीं है और त्रिकोणीय शृंखला की मांग खारिज कर दी गई है। भारत ने एक दशक से अधिक समय से कोई त्रिकोणीय शृंखला नहीं खेली है। आईसीसी अगले अंडर 19 विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश को दे सकती है। नकवी पाक प्रधानमंत्री को बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) क्रिकेट बोर्ड तथा आईसीसी के साथ हुई अपनी बातचीत की जानकारी देंगे और उन्हें इस संकट से अवगत कराएंगे। मतलब पीसीबी पूरे ड्रामे के बाद मैच खेलने को तैयार होगी।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →



