
क्रिकेट में जरूरी फिटनेस, खिलाड़ी की हर स्तर पर लेती परीक्षा
भारत सहित विश्व में इन दिनों क्रिकेट का खेल खासा लोकप्रिय हो गया है। यही वजह है कि आज रह युवा क्रिकेट में हाथ आजमाना चाहता है। लेकिन आधुनिक तकनीक ने खेल का पूरा ढांचा ही बदल दिया है। अब रन ऐसे बनते हैं जैसे सामने वाला खिलाड़ी नहीं बल्कि मशीन हो। मशीनी युग में आप बैटिंग बॉलिंग में महारत हासिल कर सकते हैं लेकिन बिना फिट हुए आप क्रिकेट के बारे में सोच भी नहीं सकते। तो आज हम बात करते हैं कि क्या सच में फिटनेस इतनी जरूरी है।

हमार दुनिया
क्रिकेट को अक्सर कौशल और तकनीक का खेल माना जाता है, लेकिन आधुनिक दौर में फिटनेस इसकी रीढ़ बन चुकी है। पहले जहां खिलाड़ी केवल बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग पर ध्यान देते थे, वहीं अब शारीरिक और मानसिक फिटनेस उनके प्रदर्शन का निर्णायक कारण बन गई है। तेज गति, लंबे मैच और लगातार अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल ने खिलाड़ियों के लिए फिट रहना अनिवार्य कर दिया है।
खिलाड़ी की सहनशक्ति पर पड़ता है सीधा असर
फिटनेस का सबसे बड़ा प्रभाव खिलाड़ी की सहनशक्ति पर पड़ता है। टेस्ट क्रिकेट जैसे लंबे प्रारूप में एक खिलाड़ी को कई घंटे मैदान पर सक्रिय रहना होता है। ऐसे में अच्छी फिटनेस ही उसे थकान से बचाती है और पूरे मैच में एक समान प्रदर्शन बनाए रखने में मदद करती है। गेंदबाजों के लिए यह और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्हें लगातार ओवर डालने होते हैं और उनकी ऊर्जा सीधे उनकी गेंदबाजी की गति और सटीकता को प्रभावित करती है। अगर आप फिट नहीं होंगे तो कुछ ओवर बाद ही गेंदबाजी में आपकी गति कम होने लगेगी और आप थकावट महसूस करेंगे।
एक-एक रन पर होती है फिटनेस की परीक्षा
क्रिकेट मैच में अब रन बनाने हो या फिल्डिंग कर रन बचाने हों। एक-एक रन आपके फिटनेस की परीक्षा लेता है। बात अगर फिल्डिंग की हो तो फिट खिलाड़ी तेजी से दौड़ सकते हैं, शानदार कैच पकड़ सकते हैं और सटीक थ्रो कर सकते हैं। यही कारण है कि आज टीम चयन में फील्डिंग क्षमता को विशेष महत्व दिया जाता है। कई बार केवल अच्छी फील्डिंग के आधार पर खिलाड़ी टीम में अपनी जगह पक्की कर लेते हैं। वहीं बल्लेबाजी में भी फिटनेस का सीधा संबंध है। एक फिट बल्लेबाज लंबे समय तक क्रीज पर टिक सकता है और दबाव की स्थिति में भी संयम बनाए रखता है। फिटनेस की दम पर बल्लेबाज आसानी से सिंगल को डबल में बदल देते हैं, जिससे टीम का स्कोर तेजी से बढ़ता है। साथ ही लगातार मैच खेलने के कारण खिलाड़ियों पर शारीरिक दबाव बढ़ता है, जिससे चोट का खतरा रहता है। यदि खिलाड़ी का शरीर मजबूत और लचीला है, तो वह चोटों से जल्दी उबर सकता है और लंबे समय तक खेल सकता है।
दबाव में काम आती है मानसिक फिटनेस
क्रिकेट में शारीरिक फिटनेस के साथ ही मानसिक फिटनेस भी बहुत महत्व रखती है। जब मैच फंस जाता है तो खिलाड़ी पर मानसिक दबाव होता है। फिर चाहे वह फिल्डिंग कर रहा हो, चाहे बैटिंग या बॉलिंग। उसे दबाव में सही निर्णय लेना हाेता है। हार-जीत को संतुलित तरीके से स्वीकार करना और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना मानसिक मजबूती पर निर्भर करता है। इसलिए आधुनिक क्रिकेट में फिटनेस का स्तर इतना बढ़ चुका है कि खिलाड़ियों को सख्त फिटनेस टेस्ट पास करना पड़ता है। जैसे यो-यो टेस्ट, जो खिलाड़ियों की सहनशक्ति और फुर्ती के लिए होता है। यह टेस्ट यह दर्शाता है कि उसमें केवल प्रतिभा ही नहीं है, बल्कि फिटनेस भी है।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →



