
ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा, युद्ध विराम पर चर्चा
ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में युद्ध विराम को लेकर बैठक में भाग लेने पहुंच गया। दुनियाभर की नजरें वार्ता के नतीजों पर टीकी हुई है। बैठक इस्लामाबाद में है।

हमार दुनिया
ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में अमेरिका के साथ वार्ता के लिए शनिवार तड़के इस्लामाबाद पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम की उम्मीद के साथ दुनिया भर की नजरें इस वार्ता पर टिकी हैं। ईरान के प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने पर पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार, 'नेशनल असेंबली' के अध्यक्ष अयाज सादिक, रक्षा बलों के प्रमुख आसिम मुनीर, गृह मंत्री सैयद मोहसिन रजा नकवी ने उसका स्वागत किया। विदेश कार्यालय ने एक वक्तव्य में कहा, 'इस्लामी गणराज्य ईरान से ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज इस्लामाबाद वार्ता में भाग लेने के लिए पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी शामिल हैं।'
ईरान की संसद के अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचा मंडल
ईरानी प्रतिनिधिमंडल ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ के नेतृत्व में गया है। इसमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल ऐसे समय में इस्लामाबाद पहुंचा है जब लेबनान में इजराइल के हमलों के कारण ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा को लेकर अनिश्चितता जताई जा रही थी और सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
दुनिया भर की नजरें
ईरानी प्रतिनिधिमंडल और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की वार्ता में दुनिया भर की नजरें बनी हुई हैं। क्योंकि सीजफायर के बाद भी हालात सामान्य नहीं हुए। अमेरिका और ईरान के बीच बयानों में तल्खी ही नजर आई। ईरान ने सीजफायर के बाद न तो होर्मुज जलडमरूमध्य खोला और न ही इजराइल ने हिजबुल्ला पर बम वर्षा कम की। ऐसे में दुनिया भर की नजरें अब इस बैठक के बाद आने वाली परिणाम पर टिकी हुई हैं।
अमेरिकी प्रतिनिधि मंडल भी रवाना
ईरानी प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के लिए अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भी इस्लामाबाद के लिए रवाना हुआ है। इस्लामाबाद के लिए उड़ान भरने से पहले वेंस ने कहा कि वह वार्ता को लेकर उत्सुक हैं और उम्मीद करते हैं कि यह सकारात्मक होगी। उन्होंने कहा, जैसा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान अच्छी नीयत से बातचीत करने को तैयार है, तो हम निश्चित रूप से उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं लेकिन अगर वे हमारे साथ 'खेल खेलने' की कोशिश करेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि वार्ता टीम इतनी भी सहयोगी नहीं है।
लेबनान और इजराइल में हो सकती है सुलह
ईरानी प्रतिनिधिमंडल जहां अमेरिका से युद्ध विराम पर चर्चा करने जा रहा है वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लेबनान और इजराइल के बीच भी वार्ता का समय तय हुआ है। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कहा है कि उनके देश की इजराइल के साथ प्रत्यक्ष वार्ता मंगलवार से शुरू होगी। औन के कार्यालय की ओर से यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका में लेबनान और इजराइल के राजदूतों ने लेबनान में अमेरिकी राजदूत के साथ बातचीत की। इसमें मंगलवार को वाशिंगटन में प्रस्तावित वार्ता की शर्तों पर चर्चा की गई। इस वार्ता में अमेरिकी विदेश मंत्रालय मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा। इजराइल ने गुरुवार को घोषणा की थी कि उसने लेबनान के अनुरोध के बाद प्रत्यक्ष वार्ता को मंजूरी दे दी है, लेकिन फोन पर बातचीत के बाद उसने तुरंत कोई बयान जारी नहीं किया। हिजबुल्ला ने इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की, हालांकि वह इजराइल के साथ प्रत्यक्ष वार्ता का विरोध करता रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 40 दिन में युद्ध के दौरान लेबनान में इजइराली हमलों में 1,900 से अधिक लोग मारे गए हैं। वार्ता की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा है।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →



