
बिठूर महोत्सव : बृज में होरी मेरे रसिया...
उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिठूर में आयोजित ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासतों से लबरेज कार्यक्रम बिठुर महोत्सव में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में आकाशवाणी के कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दी।

हमार दुनिया
कार्यक्रम में रिदम ऑफ कत्थक ग्रुप कानपुर की सीमा ढींगरा ने गीता ज्ञान की प्रस्तुति दी। इसमें पात्रों की भाव-भंगिमा और संवाद लोगों को खूब पसंद आया। कार्यक्रम में युद्ध क्षेत्र का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया। इसमें श्रीकृष्ण अर्जुन संवाद में श्रीकृष्ण ने कहा कि अर्जुन मोह मत करो। कर्म करो, क्योंकि आत्मा कभी नहीं मरती आत्मा अमर है। इसलिए फल की चिंता किए बिना अपना कर्तव्य (स्वधर्म) निभाना चाहिए। कला कुंज ग्रुप द्वारा सुदामा चरित्र का नाट्य प्रस्तुत किया गया। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के छात्रों ने जिया धड़क-धड़क, जिया धड़क-धड़क पर तालियां बटोरी। श्रीराम कला केंद्र द्वारा महाभारत के अमर नायक कर्ण पर आधारित एक घण्टा दस मिनट के डिजिटल नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया। बिना संवादों के भाव भंगिमा, प्रकाश और संगीत के माध्यम से कर्ण के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आकाशवाणी की कलाकार कविता गुप्ता ने अवधी में होली गीत गाकर, आज बृज में होरी मेरे रसिया..., होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुबीरा... गाकर गोपियों और श्रीकृष्ण के होली खेलने के दृश्य को प्रस्तुत किया। वहीं लोक गायिका करिश्मा तिवारी के गीतों का लोगों ने खड़े होकर अभिवादन किया। बिठूर महोत्सव में मंडलायुक्त ने कहा कि बिठूर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को ऐसे आयोजनों से नई पहचान मिल रही है। स्थानीय कलाकार प्रसिद्ध कवयित्री मणिका दुबे ने सरस्वती वंदना से कवि सम्मेलन का प्रारंभ किया। इससे पहले दिन में आयोजित ‘बैटल ऑफ बैंड्स में तरंग बैंड, छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय की टीम, इंक्लिनेशंस बैंड, द हैंक्स, अनिकेत मेसी एंड टीम और रिदम ग्रुप ने प्रस्तुतियां दी।
आज होंगे ये कार्यक्रम
बिठूर महोत्सव के तहत शनिवार को अंतिम दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति होगी। शाम 4 बजे से 5:15 बजे तक सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज की ओर से पारंपरिक लोक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें पाई डंडा, पंजाबी गटका और ब्रज की प्रसिद्ध होली ‘चारकुला शामिल हैं। शाम 5:15 बजे से 5:45 बजे तक पुरस्कार वितरण समारोह होगा। शाम 7:30 बजे से गोपाल मणि तिवारी का म्यूजिक कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →



