
ब्लैक फ्राइडे सेल : ऑनलाइन शॉपिंग का रहा क्रेज
black friday sale : भारत सहित दुनिया में ऑनलाइन शॉपिंग का क्रेज दिनों दिन बढ़ रहा है। इसका ताजा उदाहरण इस साल की ब्लैक फ्राइडे सेल के दौरान देखने को मिली। तो जानते हैं क्या है ब्लैक फ्राइडे, और इस दिन कितनी सेल हुई।

हमार दुनिया
ई-कॉमर्स मंचों को सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता यूनिकॉमर्स ने कहा है कि इस विशेष बिक्री सप्ताह के दौरान आने वाले ऑर्डर की संख्या सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़ गई है। कहा कि ऑर्डर, स्टॉक और गोदाम प्रबंधन करने वाले उसके मंच यूनिवेयर के आंकड़ों से पता चलता है कि इस वर्ष बिक्री की अवधि के दौरान जोरदार उछाल दर्ज हुआ। आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि दैनिक उपभोग के सामान श्रेणी, विशेषकर सेहतमंद खाद्य उत्पाद ने सबसे तेज 83 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की। सौंदर्य एवं व्यक्तिगत देखभाल खंड में 77 प्रतिशत और घरेलू साजसज्जा खंड में 63 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। फैशन एवं संबद्ध उत्पादों की श्रेणी सबसे बड़े खंड के रूप में बनी हुई है जिसमें 34 लाख से अधिक ऑर्डर दर्ज किए गए। यूनिकॉमर्स ने कहा, इस साल का एक प्रमुख रुझान यह रहा कि ब्लैक फ्राइडे अब दो-तीन दिन के प्रचार का संक्षिप्त कार्यक्रम न होकर सप्ताह भर चलने वाला बड़ा आयोजन बन गया है। उपभोक्ता मांग में बढ़ोतरी के कारण ब्रांड और ऑनलाइन मंचों ने अपनी बिक्री योजनाएं पहले शुरू कीं, जिससे उत्पाद की खोजबीन और समय पर आपूर्ति योजना अधिक प्रभावी हो पाई। कंपनी ने कहा कि ब्लैक फ्राइडे (black friday sale) से ही जुड़ी ऑनलाइन-केंद्रित सेल साइबर मंडे भी भारतीय उपभोक्ताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। दोनों मिलकर देश में उभरते साइबर सप्ताह की अवधारणा को आकार दे रहे हैं, जो ई-कॉमर्स कंपनियों की प्रचार रणनीतियों में महत्वपूर्ण स्थान बना चुकी है। बता दें कि ब्लैक फ्राइडे अमेरिका में खरीदारी की एक सालाना परंपरा है जो थैंक्सगिविंग-डे( Thanksgiving Day) के अगले दिन से शुरू होती है। यह भारी छूट वाली बिक्री के लिए जानी जाती है। भारत में भी पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के साथ ब्लैक फ्राइडे सेल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है।
क्या है ब्लैक फ्राइडे
black friday sale : इस शब्द का इस्तेमाल सबसे पहले 1950 के दशक में तब हुआ जब अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में इस दिन भारी ट्रैफिक, भीड़ और अव्यवस्था होती थी क्योंकि लोग थैंक्सगिविंग के बाद खरीदारी और छुट्टियों की तैयारियों के लिए सड़कों और दुकानों में उमड़ते थे। इस अराजकता को दर्शाने के लिए व्यंग्यात्मक तरीके से पुलिस कर्मियों ने इस दिन को ब्लैक फ्राइडे कह दिया, जो एक नकारात्मक शब्द के रूप में इस्तेमाल हुआ। हर साल नवंबर के चौथे शुक्रवार को ब्लैक फ्राइडे मनाया जाने लगा। इससे एक दिन पहले यानी महीने के चौथे गुरुवार को थैंक्सगिविंग पड़ता है। ब्लैक फ्राइडे को समझने के लिए पहले ये जानना जरूरी है कि थैंक्सगिविंग क्या है। थैंक्सगिविंग अमेरिका का एक बड़ा फेस्टिवल है, जो पारंपरिक रूप से क्रिसमस की खरीदारी के मौसम की अनौपचारिक शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। और जैसा हम सभी जानते हैं कि क्रिसमस में वहां बहुत अधिक खरीदारी होती है।
जानिए साइबर मंडे क्या है
Thanksgiving Day : अमेरिका के थैंक्सगिविंग के ठीक बाद आने वाले सोमवार को साइबर मंडे कहा जाता हैं। अमेरिका से शुरू हुआ साइबर मंडे अब दुनिया का सबसे बड़ा ऑनलाइन शॉपिंग इवेंट बन चुका है। साइबर मंडे ब्लैक फ्राइडे को भी पीछे छोड़ते हुए रिकॉर्ड बिक्री वाला दिन बन रहा है। इसका प्रभाव सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं, बल्कि दुनिया भर के ई-कॉमर्स बाजार में नजर आती है। साइबर मंडे आराम और इंटरनेट के प्रतीक का दिन भी माना जाता है।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →



